दिनांक :07/08/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ने जीती महिला ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशालय द्वारा विश्वविद्यालय सभागार में सातवें वार्षिक खेल पुरस्कार वितरण समारोह एवं 54वीं खेल एवं पाठ्येतर गतिविधियों की परिषद की आम सभा का आयोजन किया गया। समारोह में वर्ष 2025–26 के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं महाविद्यालयों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय महिला ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी (सत्र 2025–26) अपने नाम कर खेल जगत में एक और स्वर्णिम उपलब्धि दर्ज की। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विश्वविद्यालय की ओर से यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी ग्रहण की।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा कि यह ट्रॉफी केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि महाविद्यालय की छात्राओं के कठिन परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट खेल संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने विशेष रूप से नेहा कैथ, श्वेता जम्वाल और काशिका ठाकुर की सराहना करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, निरंतर अभ्यास और समर्पण से न केवल महाविद्यालय का नाम प्रदेश विश्वविद्यालय में गौरवान्वित किया है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी हैं। उन्होंने कहा कि इन छात्राओं की उपलब्धियाँ यह सिद्ध करती हैं कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे इन खिलाड़ियों से प्रेरणा लेकर शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्षशीलता जैसे गुण विकसित करते हैं, जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता की आधारशिला बनते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में महाविद्यालय के और भी विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर संस्थान का गौरव बढ़ाएंगे।
समारोह के दौरान राष्ट्रीय एवं उत्तर क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 27 खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि, ब्लेजर क्लॉथ, पॉकेट कलर तथा सिलाई शुल्क प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की नेहा कैथ, श्वेता जम्वाल एवं काशिका ठाकुर को उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए नकद प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान प्रदान किया गया।
महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश सिंह मनकोटिया ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं महाविद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता वर्षों की मेहनत, नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन तथा महाविद्यालय प्रशासन के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि महाविद्यालय के खिलाड़ी भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियाँ अर्जित करेंगे और राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की खेल परंपरा को और अधिक गौरवान्वित करेंगे।
