दिनांक :14/08/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय यूथ एन्क्लेव में दिखाई सक्रिय भागीदारी
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं ने नशामुक्त एवं प्रगतिशील समाज के निर्माण का दिया संदेश
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के सभागार में जिला स्तरीय यूथ एन्क्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला सहित जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना, करियर विकास के प्रति जागरूक करना तथा स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने युवा विकास, करियर, स्वास्थ्य तथा जिम्मेदार निर्णय लेने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्रिंसिपल प्रो राकेश पठानिया, प्राध्यापक डॉ. स्वर्ण लता शर्मा तथा रेड रिबन क्लब की सदस्य डॉ. पल्लवी शर्मा उपस्थित रहीं। महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब के पीयर एजुकेटर अनिमेष, बरशा, देवयानी और आयुष ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों में से छह विद्यार्थियों का चयन मुख्य अतिथि के समक्ष अपने विचार रखने के लिए किया गया। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की रेड रिबन क्लब पीयर एजुकेटर देवयानी का इन छह विद्यार्थियों में चयन होना महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय रहा। देवयानी ने मुख्य अतिथि के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करते हुए राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला का प्रभावी प्रतिनिधित्व किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री केवल सिंह पठानिया ने अपने संबोधन में युवाओं की समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और एक-दूसरे को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त एवं प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि के नेतृत्व में सभी विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। इसके उपरांत राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के विद्यार्थियों की सक्रिय एवं प्रभावशाली भागीदारी ने युवाओं के सशक्तिकरण और नशामुक्त समाज के संदेश को और मजबूत किया।
