दिनाक: 05/10/2026
युवा महोत्सव में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली नृत्य टीम का महाविद्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) के युवा महोत्सव ग्रुप-III में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल करने वाली राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की नृत्य टीम के महाविद्यालय पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। टीम की इस उपलब्धि से पूरे महाविद्यालय में हर्ष और गौरव का माहौल रहा।
महाविद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य प्रो. राकेश पठानिया, डॉ. अंजलि शर्मा, टीम संयोजक कैप्टन डॉ. मोनिका शर्मा तथा वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने नृत्य टीम के प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुति, अनुशासन, अथक परिश्रम, समर्पण एवं शानदार सामूहिक तालमेल की सराहना की गई।
टीम की इस शानदार उपलब्धि में महाविद्यालय के विभिन्न शिक्षकों एवं संकाय सदस्यों का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। कमेटी के तमाम सदस्यों डॉ. नीरज कौशल, डॉ. सोनम कुमारी, प्रो. ज्योति बाला, डॉ सुमना देवी, डॉ. सवर्ण लता शर्मा, डॉ. बिट्टू कुमारी, डॉ. पल्लवी शर्मा, डॉ. प्रवेश कुमार, प्रो. मीनाक्षी सरोच, डॉ. अमित कटोच, डॉ. अनीश धीमान, डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता एवं डॉ. दीपिका ठाकुर का निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
प्रधानाचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि युवा महोत्सव जैसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।
कैप्टन डॉ. मोनिका शर्मा ने टीम के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने पूरी लगन एवं मेहनत के साथ महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया और अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को निखारने तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करती हैं।
युवा महोत्सव में द्वितीय स्थान की यह उपलब्धि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के लिए गौरव का क्षण है। यह सफलता विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सामूहिक प्रयास, निरंतर अभ्यास, समर्पण और उत्कृष्ट टीम भावना का प्रमाण है।
