दिनाक: 07/10/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में CSCA के मनोनीत पदाधिकारियों ने ली शपथ
मुख्य अतिथि प्रो. राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों को दिलाया जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने का संकल्प
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय छात्र संघ (CSCA) के मनोनीत पदाधिकारियों का आज कॉलेज के सभागार मे शपथ ग्रहण में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में महाविद्यालय के मनोनीत CSCA पदाधिकारियों, कक्षा प्रतिनिधियों तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रो. राकेश पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मनोनीत केंद्रीय छात्र संघ के पदाधिकारियों को पद एवं कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। अध्यक्ष पद के लिए एम.ए. जियोग्राफी तृतीय सेमेस्टर की रश्मी शर्मा उपाध्यक्ष पद के लिए केमिस्ट्री प्रथम सेमेस्टर की तन्वी राणा, सचिव पद के लिए बी.कॉम. तृतीय वर्ष की शाव्या तथा सह-सचिव पद के लिए भावना ने शपथ ग्रहण की।
मुख्य अतिथि प्रो. राकेश पठानिया ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि छात्र संघ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि पद प्राप्त करना अपने आप में उपलब्धि नहीं, बल्कि इसके साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनेंगे तथा उन्हें महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष सकारात्मक और लोकतांत्रिक तरीके से रखेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, संवाद कौशल, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने कार्यों के माध्यम से महाविद्यालय की गरिमा और प्रतिष्ठा को और मजबूत करें तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने सभी मनोनीत पदाधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर CSCA सलाहकार समिति के समन्वयक डॉ. संजय जसरोटिया ने कहा कि केंद्रीय छात्र संघ विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि मनोनीत पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर सामूहिक विद्यार्थी हित को प्राथमिकता दें।
डॉ. जसरोटिया ने कहा कि महाविद्यालय की CSCA सलाहकार समिति विद्यार्थियों की रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में नेतृत्व, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समिति का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों से जुड़े सकारात्मक सुझावों और गतिविधियों को आगे बढ़ाने में समिति की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
समारोह के दौरान विभिन्न कक्षाओं के कक्षा प्रतिनिधियों तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह में महाविद्यालय की CSCA सलाहकार समिति के समन्वयक डॉ. संजय जसरोटिया, प्रो. अंजलि शर्मा, डॉ. नरेश मनकोटिया, डॉ. बलराज, डॉ. विक्रम श्रीवत्स, प्रो. हर्षा राणा, प्रो. अंजना खरवाल, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. नरेश कुमार, डॉ. संजीव राणा, डॉ सुमन, प्रशिक्षक तरसेम जरयाल सहित अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
