दिनाक: 07/10/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में डिजिटल बैनर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के मनोविज्ञान विभाग की ओर से मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह (5 से 10 अक्टूबर) के अवसर पर खुली डिजिटल बैनर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और डिजिटल एवं ग्राफिक डिजाइनिंग टूल्स का प्रयोग करते हुए मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक बैनर तैयार किए।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता को प्रोत्साहित करना रहा। विद्यार्थियों ने अपने बैनरों के माध्यम से मानसिक संतुलन, भावनात्मक सशक्तिकरण, तनाव से निपटने के उपाय, मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सामाजिक पूर्वाग्रहों को दूर करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
आयोजन की विशेष पहल के तहत विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए डिजिटल बैनरों को महाविद्यालय की प्रत्येक कक्षा एवं व्याख्यान कक्ष में लगे स्मार्ट बोर्डों पर प्रदर्शित किया जा रहा है। मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के दौरान इन बैनरों का नियमित डिजिटल प्रदर्शन विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से सीधे जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
मनोविज्ञान विभाग के प्राध्यापकों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खुले रचनात्मक मंच विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग से जागरूकता, संवेदनशीलता और सहानुभूतिपूर्ण कैंपस संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।
महाविद्यालय में आयोजित इस पहल को विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सामाजिक जागरूकता से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक प्रयास माना जा रहा है।
