दिनांक: 25/10/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में ‘यूएन संगम 2026’ का भव्य आयोजन, विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के लोक प्रशासन विभाग द्वारा संयुक्त राष्ट्र दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को ‘यूएन संगम 2026: यूनाइटिंग माइंड्स, शेपिंग टुमारो’ विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्रयास हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, ज्ञान, अभिव्यक्ति कौशल और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय मटौर के प्राचार्य प्रो. विनोद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि राजकीय महाविद्यालय शाहपुर की प्रो. आशा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन लोक प्रशासन विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में किया गया। इसमें राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के साथ-साथ राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि प्रो. विनोद शर्मा ने अपने संबोधन में संयुक्त राष्ट्र संघ की स्थापना के उद्देश्यों, वैश्विक शांति, सहयोग, समानता और युवा सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को वैश्विक चुनौतियों के प्रति जागरूक रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोक प्रशासन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञान, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मक सोच और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान पांच प्रमुख प्रतियोगिताओं—क्विज, भाषण एवं अभिव्यक्ति, वॉक ऑफ फेम, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट तथा पोस्टर मेकिंग का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. गौरव महाजन, प्रो. संजय ठाकुर और डॉ. दीपिका ठाकुर शामिल रहे।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:
क्विज प्रतियोगिता: विवेकानंद टीम ने प्रथम, कौटिल्य टीम ने द्वितीय तथा टैगोर टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता: अंकिता (राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां) ने प्रथम स्थान हासिल किया। अर्पिता (राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां) एवं तन्वी (राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला) संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि स्ताक्षी एवं रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वॉक ऑफ फेम: पारुल ने प्रथम, कनिका ने द्वितीय तथा नितीश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अभिषेक एवं तनुजा को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट: पायल ने प्रथम, शुभम एवं अंशिका ने द्वितीय तथा कशिश, नितीश एवं जानवी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता: लक्ष्मी ने प्रथम, पायल ने द्वितीय तथा आदिश्री ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो. बालक राम, डॉ. सर्वेश गिल, डॉ. विक्रम श्री वत्स, डॉ. भारत, डॉ. गोविंद, डॉ. मोनिका शर्मा, डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता एवं प्रो. ऋषभ सहित अन्य प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को संयुक्त राष्ट्र के मूल्यों, वैश्विक नागरिकता, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को समझने तथा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सार्थक मंच प्रदान किया।
