HamroClass Preloader

 दिनांक: 25/11/2026

भारतीय संविधान पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का धर्मशाला महाविद्यालय में आगाज, 150 विद्यार्थियों ने लिया भाग

विशेषज्ञों ने संविधान के इतिहास, वर्तमान प्रासंगिकता, मानवाधिकारों और संवैधानिक मूल्यों पर रखे विचार

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के लोक प्रशासन विभाग की ओर से ‘भारतीय संविधान’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का भव्य शुभारंभ हुआ। संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के ऐतिहासिक महत्व, वर्तमान प्रासंगिकता तथा संवैधानिक मूल्यों और अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी किया गया, जिससे विद्यार्थियों को संविधान के मूल आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश मिला।

संगोष्ठी के समन्वयक एवं लोक प्रशासन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अजय कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया।

संगोष्ठी के पहले दिन आयोजित तकनीकी सत्रों में विभिन्न शिक्षण संस्थानों से पहुंचे विशेषज्ञों ने भारतीय संविधान के विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए। राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी के इतिहास विभाग के सहायक आचार्य डॉ. आशीष कुमार ने ‘भारतीय संविधान का इतिहास’ विषय पर व्याख्यान देते हुए संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। वहीं, राजकीय महाविद्यालय चंबा के अंग्रेजी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. कुलदीप शर्मा ने ‘आज के संदर्भ में संविधान’ विषय पर विचार रखते हुए इसकी समकालीन प्रासंगिकता को रेखांकित किया।

इसी क्रम में राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी के अर्थशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य प्रो. सरदारी लाल ने ‘युवाओं के लिए संविधान दिवस का महत्व’ विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें संवैधानिक मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तीसा के संस्कृत प्रवक्ता डॉ. अतर सिंह ने ‘भारतीय संविधान में मानवाधिकारों की अवधारणा’ विषय पर शोधपरक व्याख्यान प्रस्तुत किया।

संगोष्ठी के प्रथम दिवस में लगभग 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञों के ज्ञानवर्धक व्याख्यानों से लाभ उठाया।