HamroClass Preloader

दिनांक: 25/11/2026

तपोवन विधानसभा पहुंचे धर्मशाला महाविद्यालय के 250 विद्यार्थी, करीब से समझी सदन की कार्यप्रणाली

तपोवन विधानसभा पहुंचे धर्मशाला महाविद्यालय के 250 विद्यार्थी, करीब से समझी सदन की कार्यप्रणाली

लोक प्रशासन एवं राजनीति विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण, संसदीय लोकतंत्र और कानून निर्माण की प्रक्रिया की हासिल की व्यावहारिक जानकारी

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के लोक प्रशासन एवं राजनीति विज्ञान विभाग के लगभग 250 विद्यार्थियों ने तपोवन स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रदेश की विधायी व्यवस्था, संसदीय लोकतंत्र और विधानसभा की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।

इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था और विधायी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा भवन, सदन की कार्यवाही से संबंधित व्यवस्थाओं तथा कानून निर्माण की प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारी हासिल की। साथ ही उन्हें विधायिका की भूमिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसके महत्व से भी अवगत करवाया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली समझने और अपने विषयों को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़कर देखने का अवसर मिलता है।

भ्रमण के सफल आयोजन में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अजय कुमार, डॉ. गौरव महाजन, प्रो. संजय ठाकुर और प्रो. ऋषभ जरयाले ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को विधायिका और प्रशासनिक तंत्र के बीच आपसी समन्वय, संवैधानिक जिम्मेदारियों तथा शासन व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को बेहद ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि विधानसभा की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझना उनके लिए एक नया और महत्वपूर्ण अनुभव रहा। उन्होंने इस अवसर के लिए महाविद्यालय प्रशासन एवं प्राध्यापकों का आभार व्यक्त किया।