HamroClass Preloader

 दिनांक: 24/10/2026

एचआईवी/एड्स जागरूकता के संदेश के साथ निकाली गई जागरूकता रैली, 190 विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के रेड रिबन क्लब (RRC) के तत्वावधान में 10 अक्टूबर 2026 को एचआईवी/एड्स एवं यौन संचारित संक्रमण (STI) के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली (वॉकाथॉन) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के लगभग 190 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य ने कॉलेज गेट से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कॉलेज गेट से साई ग्राउंड तक निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी पोस्टर लेकर तथा नारे लगाकर आमजन को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान रेड रिबन क्लब के स्वयंसेवकों ने एचआईवी से जुड़ी भ्रांतियों एवं गलत धारणाओं को दूर करने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने, समय पर जांच करवाने तथा एचआईवी से संबंधित राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1097 के बारे में भी जानकारी दी।

कार्यक्रम का समापन साई ग्राउंड में एचआईवी से संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव एवं सामाजिक कलंक को समाप्त करने और एक संवेदनशील एवं जागरूक समाज के निर्माण की शपथ के साथ हुआ।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी, जागरूकता और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, रेड रिबन क्लब के सदस्यों एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।