दिनांक: 21/10/2026
धर्मशाला कॉलेज के छात्रों ने शैक्षणिक दौरे में सीखा सतत पर्यटन का महत्व
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के टूर एंड ट्रैवल मैनेजमेंट विभाग द्वारा 17 से 19 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय शैक्षणिक दौरे का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बरोट, राजगुंधा, बिलिंग और बीड़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर ग्रामीण, कृषि एवं साहसिक पर्यटन की संभावनाओं का अध्ययन किया।
दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय समुदायों से संवाद किया तथा ट्राउट मछली पालन, कैंपिंग, पर्यटन प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यावहारिक जानकारियां प्राप्त कीं। विभागाध्यक्ष डॉ. अमित कटोच ने विद्यार्थियों को सतत पर्यटन, पर्यटन स्थलों की वहन क्षमता तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के महत्व से अवगत करवाया। साथ ही स्थानीय पर्यटन हितधारकों के साथ संवाद कर पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने इस सफल शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
