दिनांक: 08/03/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला प्रकोष्ठ एवं यौन उत्पीड़न विरोधी समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना था। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की संयोजक प्रो. अंजली शर्मा ने स्वागत अभिभाषण प्रस्तुत करते हुए महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल, राजनीति और व्यापार सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं तथा समाज में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं।
कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायालय धर्मशाला से आमंत्रित अधिवक्ता रीचा शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं और महिला कर्मचारियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि कार्यस्थल और शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यौन उत्पीड़न किसी भी प्रकार की अनुचित टिप्पणी, व्यवहार या शारीरिक, मानसिक अथवा मौखिक उत्पीड़न को दर्शाता है, जो किसी भी व्यक्ति के आत्मसम्मान को आहत करता है। उन्होंने इस प्रकार के मामलों की रोकथाम के लिए बनाए गए कानूनों तथा शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने अपने संदेश में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार, समान अवसर और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय सदैव छात्राओं को सुरक्षित, समान और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने कविता पाठ के माध्यम से महिलाओं की शक्ति और समाज में उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में संस्कृति (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने प्रथम, कौशिकी (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने द्वितीय तथा साक्षी (बी.ए. तृतीय वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर यौन उत्पीड़न विरोधी समिति के सदस्यगण प्रो. अंजली शर्मा, प्रो. हर्षा राणा, प्रो. अंजना खरवाल, प्रो. पूजा शंदल , प्रो. आरती चंदेल, प्रो. सुमना, प्रो. पूजा दिवान तथा डॉ. अंजना रानी सहित अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रो. हर्षा राणा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
