दिनांक: 26/07/2025
अंगदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सोटो हिमाचल प्रदेश एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में अंगदान जन संजीवनी अभियान ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में स्टेट ऑर्गन एंड टिशू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (SOTTO), हिमाचल प्रदेश के सौजन्य एवं रेड रिबन क्लब के सहयोग से अंगदान जन संजीवनी अभियान” के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के छात्रों को अंगदान एवं नेत्रदान के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में SOTTO हिमाचल प्रदेश के स्टेट कोऑर्डिनेटर नरेश ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से छात्रों को अंगदान की प्रक्रिया, कानूनी नियमों और सामाजिक सरोकारों की बारीक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक ब्रेन-स्टेम डेड व्यक्ति अपने अंगों से 8 लोगों को जीवनदान दे सकता है। यह मृत्यु के बाद किसी जरूरतमंद को नई जिंदगी देने का महान कार्य है।
कार्यक्रम में SOTTO हिमाचल प्रदेश के स्टेट कोऑर्डिनेटर नरेश ने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति अपने जीवनकाल में अंगदान के लिए स्वेच्छा से शपथ ले सकता है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव और सामाजिक भ्रांतियों के चलते अधिकतर लोग अंगदान करने से पीछे हट जाते हैं। इसलिए, जागरूकता अभियान ही इस दिशा में सबसे अहम कदम है।
उन्होंने यह भी बताया कि अब हिमाचल प्रदेश के नागरिक www.sottohimachal.in पर जाकर घर बैठे अंगदान का शपथ पत्र भर सकते हैं। वेबसाइट पर उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन कर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है, जो आधार कार्ड से लिंक होती है। वर्तमान में प्रदेशभर से 3000 से अधिक लोग अंगदान के लिए पंजीकरण करवा चुके हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम के बाद राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला प्राचार्य प्रो .राकेश पठानिया ने कहा अंगदान जैसे संवेदनशील और मानवीय विषय पर विद्यार्थियों को जागरूक करना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल छात्रों में सेवा भावना विकसित करते हैं, बल्कि समाज को एक नई दिशा देने का कार्य भी करते हैं। हमारा महाविद्यालय सदैव ऐसे प्रयासों का समर्थन करता है और हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
इस अवसर पर रेड रिबन क्लब की ओर से डॉ. नीरज कौशल, प्रो. ज्योति बाला, डॉ. पल्लवी शर्मा, प्रो. ऋषभ जरयाल, प्रो. सुमिता सहित अनेक अध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसमें भाग लिया और अंगदान को लेकर सकारात्मक संदेश समाज में फैलाने की शपथ ली।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रशासन की ओर से सोटो हिमाचल प्रदेश और नरेश का धन्यवाद किया गया एवं भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक अभियानों को महाविद्यालय में आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई गई।
