दिनांक: 12/08/2025
एचआईवी मुक्त हिमाचल की शपथ के साथ युवाओं ने दिखाई जागरूकता की मिसाल , राजकीय महाविधालय धर्मशाला में रेड रिबन क्लब द्वारा प्रभावी कार्यक्रम का आयोजन ।
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर, राजकीय महाविधालय धर्मशाला की रेड रिबन क्लब (RRC) द्वारा एक विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने मिलकर एचआईवी मुक्त हिमाचल की दिशा में एकजुट होने का संकल्प लिया।
यह आयोजन Intensified IEC (Information, Education and Communication) Campaign के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा सुरक्षित जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान महाविधालय के सैकड़ों छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एचआईवी मुक्त हिमाचल के निर्माण हेतु जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। शपथ समारोह में रेड रिबन क्लब के सक्रिय सदस्यों के साथ-साथ महाविद्यालय के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रेड रिबन क्लब की ओर से इस अवसर पर विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स की रोकथाम, बचाव के उपाय, परीक्षण की आवश्यकता, तथा समाज में बिना भेदभाव के पीड़ितों के साथ व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा आज की युवा पीढ़ी हमारे समाज का भविष्य है, और यदि वह जागरूक हो जाए तो किसी भी सामाजिक समस्या को जड़ से खत्म किया जा सकता है। एचआईवी-मुक्त हिमाचल का सपना तभी साकार होगा जब हर युवा जिम्मेदारी के साथ जानकारी प्राप्त करे और समाज में जागरूकता फैलाए। मुझे गर्व है कि हमारे महाविद्यालय के छात्र न केवल शिक्षा में अग्रणी हैं, बल्कि सामाजिक दायित्वों को निभाने में भी आगे हैं। उन्होंने रेड रिबन क्लब के सभी सदस्यों, कार्यक्रम के आयोजकों और भाग लेने वाले छात्रों की सराहना की।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने भी युवाओं को नियमित एचआईवी जांच करवाने, रक्तदान के प्रति सकारात्मक रवैया रखने और संवेदनशील समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम ने न केवल छात्रों को जागरूक किया, बल्कि उन्हें जानकारी से सशक्तिकरण (Empowerment through Knowledge) के महत्व को समझाया।
इस अवसर पर रेड रिबन क्लब के सदस्य डॉ नीरज कौशल, प्रो ज्योति बाला, डॉ पल्ल्वी शर्मा, प्रो सुमिता चौधरी, प्रो ऋषभ जरयाल व् विद्यार्थी मौजूद रहे।
