दिनांक: 11/06/2026
एचपीयू बीएससी मेरिट सूची में धर्मशाला कॉलेज का परचम, टॉप-10 में चार विद्यार्थियों ने बनाई जगह।
रुचिका बनी प्रदेश टॉपर, धर्मशाला कॉलेज के चार छात्र-छात्राएं टॉप-10 में ।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) द्वारा घोषित बीएससी तृतीय वर्ष परीक्षा परिणाम में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विश्वविद्यालय की प्रावीण्य सूची (मेरिट लिस्ट) में महाविद्यालय के चार विद्यार्थियों ने टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर संस्थान को गौरवान्वित किया है।
महाविद्यालय की गणित विषय की छात्रा रुचिका ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वहीं अनामिका शर्मा ने चौथा, शिल्पा ने नौवां तथा अनिकेत राणा ने दसवां स्थान हासिल कर महाविद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए हैं।
मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में रुचिका (गणित) प्रथम, अनामिका शर्मा (गणित) चौथे, शिल्पा (वनस्पति विज्ञान) नौवें तथा अनिकेत राणा (भौतिक विज्ञान) दसवें स्थान पर रहे।
विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन एवं शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उल्लेखनीय है कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला लंबे समय से शैक्षणिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। इस बार भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, परिश्रम और सही मार्गदर्शन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
