दिनाँक: 02/09/2026
एटीसी-247 में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के एनसीसी कैडेट्स का शानदार प्रदर्शन....
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धर्मशाला के 1 एचपी (जी) बटालियन एनसीसी, सोलन के एनसीसी कैडेट्स ने वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एटीसी-247 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। यह प्रशिक्षण शिविर बदाह साहिब, सिरमौर, हिमाचल प्रदेश में आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान कैडेट्स ने विभिन्न खेल, सांस्कृतिक एवं प्रतियोगितात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया। कैडेट्स ने कुल सात स्वर्ण पदक हासिल किए। इनमें रस्साकशी, पोस्टर मेकिंग, सोलो डांस सहित अन्य प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
इस दौरान कैडेट प्रज्ञा का चयन बेस्ट कैडेट श्रेणी के लिए किया गया, जबकि कैडेट मनिषा का चयन आरडीसी चयन शिविर के लिए ड्रिल श्रेणी में हुआ। दोनों कैडेट आगामी स्तर पर अपने महाविद्यालय एवं बटालियन का प्रतिनिधित्व करेंगी।
महाविद्यालय के लिए एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि यह रही कि सीनियर अंडर ऑफिसर (एसयूओ) कैडेट करन को एटीसी-247 के लिए कैंप सीनियर नियुक्त किया गया। उन्होंने लगभग 25 संस्थानों के 600 कैडेट्स से संबंधित जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए अपने उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुशासन एवं प्रबंधन क्षमता का परिचय दिया।
कैंप सीनियर के रूप में उनकी समर्पित सेवा, उत्कृष्ट नेतृत्व एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए कैंप कमांडेंट कर्नल विवेक भटारा द्वारा उन्हें स्वर्ण पदक एवं एनसीसी मग से सम्मानित किया गया।
इस शानदार उपलब्धि पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने सभी एनसीसी कैडेट्स को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कैडेट्स के अनुशासन, मेहनत, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा देती हैं।
एनसीसी कैडेट्स की उपलब्धि पर एनसीसी कैप्टन डॉ. मोनिका शर्मा ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कैडेट्स को निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने तथा भविष्य में भी महाविद्यालय एवं बटालियन का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के एनसीसी कैडेट्स की यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
