दिनांक :05/08/2026
एनसीसी कैडेट्स ने लगाए 25 औषधीय पौधे, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की 5 HP BN NCC DHARAMSHALA इकाई द्वारा महाविद्यालय परिसर में औषधीय पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगभग 25 औषधीय पौधों का रोपण किया और हरित परिसर निर्माण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि औषधीय पौधे पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाए रखने के साथ-साथ मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा प्रकृति संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज की छोटी-छोटी पर्यावरणीय पहल आने वाले समय में स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भविष्य की मजबूत नींव बनेंगी।
5 HP BN NCC DHARAMSHALA के एनसीसी अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार करना ही नहीं, बल्कि युवाओं में सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों का रोपण जैव विविधता के संरक्षण और स्वस्थ पर्यावरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी कैडेट्स से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के ऐसे अभियानों में निरंतर सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली और परिसर को अधिक हरा-भरा बनाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, स्टाफ सदस्य तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
