दिनांक: 28/07/2026
कारगिल विजय दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धर्मशाला के एनसीसी कैडेट्स ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर धर्मशाला स्थित युद्ध स्मारक में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के अदम्य साहस, सर्वोच्च बलिदान एवं राष्ट्रभक्ति को नमन करना था।
समारोह के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल आकाश जौहर, एवीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), 9 कॉर्प्स (राइजिंग स्टार कॉर्प्स) रहे। इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा (आईएएस), एओसी विजय कुमार, 5 हिमाचल प्रदेश बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जॉयस के. जोसेफ, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला की एएनओ कैप्टन डॉ. मोनिका शर्मा तथा डीएसपी निशा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल आकाश जौहर ने एनसीसी कैडेट्स से संवाद करते हुए नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति तथा सैन्य सेवा के मूल्यों पर प्रेरणादायी विचार साझा किए। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, समर्पण एवं जिम्मेदारी की भावना के साथ राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया। वहीं श्रीमती प्राची जोशी जौहर ने एनसीसी की छात्राओं से संवाद कर उनके अनुशासन, आकर्षक प्रस्तुतीकरण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की तथा उन्हें आत्मविश्वासी एवं सशक्त नेतृत्वकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में 5 हिमाचल प्रदेश बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जॉयस के. जोसेफ ने कैडेट्स को सशस्त्र बलों में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने एसएसबी की तैयारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को दृढ़ संकल्प एवं निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की नई ऊर्जा के साथ हुआ।
