दिनांक: 26/07/2025
कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि रेंजर्स एंड रोवर्स, एन.सी.सी. और एन.एस.एस. इकाइयों ने किया आयोजन ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में आज कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया, जिसमें रेंजर्स एंड रोवर्स, एन.सी.सी. और एन.एस.एस. इकाइयों द्वारा देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि कारगिल के वीर योद्धाओं का साहस, त्याग और देशभक्ति आज भी हमें प्रेरित करती है। उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए।
कार्यक्रम में देवेंद्र जग्गी, उपायुक्त कांगड़ा, तथा अनेक गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे। महाविद्यालय की ओर से आयोजन में डॉ. अजय कुमार और डॉ. हर्ष दीपिका (रेंजर्स एंड रोवर्स), प्रो. निशेष (एन.एस.एस.) और डॉ. मोनिका शर्मा (एन.सी.सी.) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया का महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कारगिल विजय दिवस केवल एक तिथि नहीं है, यह हमारे राष्ट्रीय आत्मसम्मान, एकता और साहस का प्रतीक है। शहीदों के बलिदान से हम यह सीखते हैं कि सच्ची देशभक्ति केवल वर्दी पहनकर नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करके भी निभाई जा सकती है। मैं अपने विद्यार्थियों से अपेक्षा करता हूं कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझें और जीवन में हमेशा साहस, अनुशासन व सेवा की भावना को बनाए रखें।
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कारगिल विजय दिवस उन असंख्य वीरों की स्मृति का प्रतीक है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। यह दिन हम सबके लिए आत्मचिंतन और संकल्प का अवसर है। हमें यह समझना होगा कि देश की सेवा केवल सीमा पर नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है चाहे वह शिक्षक हो, छात्र हो, किसान या सैनिक।
युवाओं को मैं यही संदेश देना चाहूंगा कि वे जीवन में अनुशासन, सेवा और समर्पण को अपनाएं। जब देश की युवा पीढ़ी सशक्त, नैतिक और जागरूक होगी, तभी हम एक सशक्त भारत का निर्माण कर सकेंगे।
हमारे वीर सैनिकों ने जो बलिदान दिया है, वह हमें एकजुट होकर राष्ट्र के विकास के लिए प्रेरित करता है। आज का दिन केवल श्रद्धांजलि का नहीं, बल्कि राष्ट्रनिर्माण के लिए खुद को समर्पित करने का है।
पुष्पांजलि और राष्ट्रभक्ति का वातावरण सभी छात्रों एवं अतिथियों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की उन्हें श्रद्धांजलि दी। कॉलेज प्रांगण में गूंजते भारत माता की जय और वीर शहीद अमर रहें के नारों ने पूरे वातावरण को भावुक व प्रेरणादायक बना दिया।
