दिनांक: 03/11/2025
गृहणियों के सम्मान में गूंजा धर्मशाला कॉलेज राष्ट्रीय गृहणी दिवस पर महिलाओं के योगदान को किया नमन ।
डिग्री कॉलेज धर्मशाला में राजनीतिक विज्ञान विभाग ने मनाया विशेष कार्यक्रम।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के राजनीतिक विज्ञान विभाग द्वारा आज राष्ट्रीय गृहणी दिवस बड़े उत्साह, गरिमा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उन गृहणियों को सम्मान देना था, जो अपने निःस्वार्थ परिश्रम, ममता और त्याग से परिवार और समाज की नींव को सुदृढ़ बनाती हैं।
प्रोफेसर अश्वनी कुमार ने अपने स्वागत भाषण में विद्यार्थियों से कहा गृहणी एक अदृश्य शक्ति है जो परिवार को एक सूत्र में बांधती है। उनका त्याग और समर्पण ही समाज की वास्तविक पूंजी है। इस अवसर पर छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई, सरोजिनी नायडू, कस्तूरबा गांधी जैसी प्रेरणादायक महिलाओं के जीवन पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने बताया कि कैसे इन महान नारियों ने गृहणी की भूमिका निभाते हुए भी राष्ट्र निर्माण में अपनी अमिट छाप छोड़ी।
इस आयोजन की सफलता में राजनीतिक विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों तमन्ना शर्मा, योगिता शर्मा, अक्षित, मेघा, अमन, स्मृति आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।
यह कार्यक्रम न केवल प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, बल्कि सभी ने गृहणियों के सम्मान और समाज में उनकी गरिमा को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।
अंत में उपस्थित जनों ने इन भावपूर्ण पंक्तियों से कार्यक्रम की भावना को अभिव्यक्त किया जो बेटी नहीं चाहे, वह मां कहां से पाएगा, और बिना गृहणी के घर कैसे सजाएगा।
