दिनांक: 27/09/2025
टूरिज़्मो त्रिगर्त कार्निवल का भव्य समापन, पर्यटन निगम अध्यक्ष आर.एस. बाली हुए मुख्य अतिथि ।
विश्व पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य पर राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के सभागार में आयोजित टूरिज़्मो त्रिगर्त कार्निवल का समापन समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं कैबिनेट रैंक मंत्री आर.एस. बाली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
मुख्य अतिथि का स्वागत महाविद्यालय की ओर से शहनाई वादन, पुष्पगुच्छ व गर्मजोशी से किया गया। मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि का सम्मान किया। इस दौरान कमर्शियल आर्ट की वरिष्ठ आचार्य डॉ. शर्मिला ने अपनी बनाई चम्बियाली गद्दन की खूबसूरत पेंटिंग मुख्य अतिथि को भेंट की।
अपने संबोधन में आर.एस. बाली ने कॉलेज के टूरिज्म विभागाध्यक्ष डॉ. अमित कटोच और वी-वॉक विभाग के प्रशिक्षक तरसेम जरियाल के प्रपोजल की सराहना करते हुए पर्यटन विभाग एवं सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने महाविद्यालय के आर्ट्स ब्लॉक तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पर्यटन स्टार्ट-अप योजना को लागू कर चुकी है। इसके तहत नई पर्यटन इकाइयों की स्थापना व होम-स्टे इकाइयों का विस्तार आसान होगा। होम-स्टे योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन, संस्कृति और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में महत्त्वपूर्ण साबित होंगी।
बाली ने बताया कि हिमाचल प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता, नदियों, जंगलों, पवित्र स्थलों और घाटियों के कारण सदैव पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा है। पर्यटन व आतिथ्य क्षेत्र का राज्य की जीडीपी (इकोनॉमिक सर्वे 2024-25) में 7.78 प्रतिशत योगदान है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया को लीडरशिप एक्सीलेंस अवार्ड 2025 और वी-वॉक विभाग के नोडल अधिकारी प्रो. नरेश कुमार धीमान को भी लीडरशिप एक्सीलेंस अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया। टूरिज़्मो त्रिगत कार्निवल के मुख्य स्तंभ पर्यटन विभागाध्यक्ष डॉ. अमित कटोच तथा प्रशिक्षक तरसेम जरियाल को फैकल्टी लीडरशिप अवार्ड 2025 प्रदान किया गया। आयोजन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यार्थियों को स्टूडेंट्स लीडरशिप अवार्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यार्थियों को स्टूडेंट्स लीडरशिप अवार्ड प्रदान किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में अभिषेक, वरुण, नागेश्वर, शगुन, रीतिक, कार्तिक, क्रिटीश, टीना, भरत, पल्लवी, प्रियंका, संदली, अदिति, प्रांशुल, रियान, संस्कृति, मेघना, रमा, जानवी, साहिल, आकृति, आरूष, राहुल शामिल रहे। मुख्य अतिथि ने इन विद्यार्थियों के परिश्रम और नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में और ऊँचाइयाँ छूने की शुभकामनाएँ दीं। इस दौरान एनसीसी, एनएसएस रोवर रेंजर की टीम को भी सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त सानवी व शेखर को केंद्रीय विश्वविद्यालय में क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर 10,000 रुपये की राशि जीतने पर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व महापौर देवेंद्र सिंह जग्गी, पार्षद अनुराग, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरभजन चौधरी, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, जिला परिषद सदस्य पंकू, कॉलेज स्टॉफ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभागार गूंज उठा। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
