दिनांक:03/12/2025
डिग्री कॉलेज धर्मशाला के प्रयास भवन में रमन सोसायटी द्वारा आयोजित डीएई (Department of Atomic Energy) ।
डिग्री कॉलेज धर्मशाला के प्रयास भवन में रमन सोसायटी द्वारा आयोजित डीएई (Department of Atomic Energy) आउटरीच कार्यक्रम में मुंबई स्थित भारत के प्रतिष्ठित भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) से आए वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एस. के. मंडल (Scientific Officer-H) और डॉ. सतेन्द्र (Scientific Officer-G) ने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अनुसंधान की दिशा में प्रेरित करने वाला उद्बोधन दिया। डॉ. मंडल ने परमाणु ऊर्जा की भूमिका पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि परमाणु ऊर्जा केवल ऊर्जा का स्रोत नहीं बल्कि भारत के समग्र विकास, स्वच्छ ऊर्जा, कृषि, चिकित्सा और औद्योगिक प्रगति का एक मजबूत आधार है, जो राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। इसके बाद डॉ. सतेन्द्र ने विद्यार्थियों को डीएई एवं बार्क में उपलब्ध करियर अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी और बताया कि भारत विज्ञान व तकनीक के क्षेत्र में तेजी से वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में जिज्ञासु और प्रतिभाशाली युवाओं के लिए अनुसंधान के क्षेत्र में अपार संभावनाएँ हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. विक्रम श्रीवत्स ने प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों का महाविद्यालय में आगमन गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि ऐसे संवाद विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देते हैं और वैज्ञानिक सोच ही भारत के उज्ज्वल कल की आधारशिला है।
इस अवसर पर डॉ. बलराज, डॉ. आशिष रंजन, प्रो. गोविंद, डॉ. सरिता, डॉ. शबू, डॉ. सोनम, डॉ. ज्योति, प्रो. राधेश्याम, तरसेम जरयाल सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने वैज्ञानिकों से विभिन्न प्रश्न पूछे जिनके प्रेरणादायक उत्तरों ने सभी में विज्ञान और अनुसंधान के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम अपने उद्देश्य में पूर्णतः सफल रहा और मुंबई के प्रतिष्ठित अनुसंधान केंद्र से आए वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन ने छात्रों के लिए यह दिन अविस्मरणीय बना दिया।
