दिनांक:18/11/2025
डिग्री कॉलेज धर्मशाला में वाणिज्य विभाग द्वारा कॉलेज परिसर में एंटी-टबैको व एंटी ड्रग जागरूकता अभियान का आयोजन ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के वाणिज्य विभाग द्वारा ‘एंटी-टबैको एंड एंटी ड्रग अवेयरनेस कैंपेन’ का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्रों और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और उन्हें स्वस्थ व सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत जागरूकता व्याख्यान से हुई, जिसमें छात्रों को बताया गया कि तम्बाकू और ड्रग्स न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं, बल्कि मानसिक संतुलन, परिवारिक जीवन और कैरियर को भी बुरी तरह प्रभावित करते हैं। छात्रों को नशे से दूर रहने, तनाव को सकारात्मक तरीके से संभालने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश पाठानिया ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि जीवन को अंधकार की ओर ले जाने वाला रास्ता है। युवा पीढ़ी देश की असली शक्ति है, और आपका हर निर्णय आपके भविष्य की नींव रखता है। अपने सपनों को नशे के हवाले न करें सकारात्मक सोचें, स्वस्थ रहें और समाज में प्रेरणा का स्रोत बनें।
वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवेश गिल ने कहा आज की दुनिया में प्रतिस्पर्धा बहुत बढ़ गई है, ऐसे में युवाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत रहना जरूरी है। नशा इंसान की क्षमता और आत्मविश्वास दोनों को खत्म कर देता है। आप सभी विद्यार्थी जीवन में बड़े लक्ष्य तय करें और नशा-मुक्त रहने का संकल्प लें, तभी आप अपनी प्रतिभा को सही दिशा में आगे बढ़ा पाएँगे। अभियान के अंत में छात्रों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे और समाज में नशा मुक्त वातावरण बनाने में सक्रिय सहयोग देंगे। इस अवसर पर कॉलेज प्रिंसिपल प्रो राकेश पठानिया, डॉ. प्रवेश गिल ,डॉ. अंजना, डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता, डॉ. बिट्टू कुमारी डॉ.शेफाली प्रो सुमिता व् विद्यार्थी मौजूद रहे।
