दिनाक: 17/09/2026
धर्मशाला कॉलेज की एनसीसी कैडेट वंशिका ने राष्ट्रीय स्तर पर जीते स्वर्ण और रजत पदक
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की एनसीसी कैडेट वंशिका ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित अखिल भारतीय थल सैनिक शिविर (AITSC) में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। 5 एचपी बीएन एनसीसी, धर्मशाला की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।
अखिल भारतीय थल सैनिक शिविर का आयोजन 31 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित डीजी एनसीसी परिसर में किया गया। कैडेट वंशिका ने पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़ निदेशालय का प्रतिनिधित्व करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने जजिंग डिस्टेंस एंड फील्ड सिग्नल इवेंट में स्वर्ण पदक तथा सर्विस सब्जेक्ट में रजत पदक प्राप्त किया। यह उपलब्धि एनसीसी प्रशिक्षण के दौरान उनके परिश्रम, अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट कौशल का परिचायक है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कैडेट वंशिका को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 5 एचपी बीएन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जे.के. जोसेफ, महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. संजय जसरोतिया तथा एएनओ कैप्टन डॉ. रणजीत ठाकुर ने भी कैडेट को बधाई दी और उनकी सफलता की सराहना की।
कैडेट वंशिका की इस उपलब्धि में एनसीसी अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। राष्ट्रीय स्तर पर दो पदक जीतकर उन्होंने महाविद्यालय की एनसीसी इकाई की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है।
