HamroClass Preloader

 दिनाक: 02/10/2026

धर्मशाला कॉलेज के रोवर्स एवं रेंजर्स ने राष्ट्रीय पर्यावरण जागरूकता एवं मरुस्थल ट्रैकिंग शिविर में लिया भाग

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला की रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई के तीन रोवर्स और दो रेंजर्स ने राजस्थान के बीकानेर में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय पर्यावरण जागरूकता सह मरुस्थल ट्रैकिंग शिविर में भाग लेकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस शिविर में महाविद्यालय की ओर से रोवर सुजल कुमार निवासी थरोट-चड़ी, रोहित कपूर निवासी जिया तथा अपूर्व कक्कर निवासी टांगरोटी ने सहभागिता की। वहीं रेंजर्स वर्ग में अंशिका निवासी सुधेड़ तथा ईशा निवासी खोलिए ने अपनी सक्रिय एवं उल्लेखनीय भागीदारी दर्ज कराई।

शिविर के दौरान प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, मरुस्थलीय पारिस्थितिकी, भारतीय संस्कृति, विरासत तथा साहसिक गतिविधियों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला। शिविर के प्रथम दिन प्रतिभागियों ने वार्म-अप हेरिटेज ट्रैकिंग में भाग लिया। दूसरे दिन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) का शैक्षणिक भ्रमण एवं अवलोकन किया गया। तीसरे दिन महा डे कॉम्बो ट्रैक के अंतर्गत मरुस्थलीय पदयात्रा कर प्रतिभागियों ने साहस एवं सहनशीलता का परिचय दिया। चौथे दिन पर्यावरण एवं सांस्कृतिक शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया, जबकि पांचवें एवं अंतिम दिन भव्य महा कैंप फायर’ एवं समापन समारोह के साथ शिविर का समापन हुआ।

प्रतिभागियों की सफल सहभागिता के पीछे रोवर स्काउट लीडर (RSL) डॉ. अजय कुमार तथा रेंजर लीडर (RL) डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। दोनों ने पूरे शिविर के दौरान प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और पर्यावरणीय जागरूकता के साथ विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे शिविर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित होती है। उन्होंने रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई के प्रतिभागियों तथा उनके मार्गदर्शकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।