दिनाक: 14/09/2026
धर्मशाला कॉलेज के 16 रेंजर्स ने राज्य स्तरीय निपुण परीक्षा की उत्तीर्ण
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 16 रेंजर्स ने राज्य स्तरीय निपुण परीक्षण शिविर में सफलतापूर्वक निपुण योग्यता हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, हिमाचल प्रदेश द्वारा 10 से 14 सितंबर 2026 तक राज्य प्रशिक्षण केंद्र, रिवालसर जिला मंडी में आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों ने विभिन्न कौशलों, दक्षताओं एवं नेतृत्व गुणों का प्रदर्शन किया।
राज्य स्तरीय निपुण परीक्षण शिविर रेंजर्स के प्रगतिशील प्रशिक्षण कार्यक्रम का महत्वपूर्ण चरण है। इसमें प्रतिभागियों की स्काउटिंग दक्षताओं, अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का परीक्षण किया जाता है। धर्मशाला कॉलेज के सभी 16 रेंजर्स ने निपुण स्तर की आवश्यकताओं को सफलतापूर्वक पूरा किया। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण एवं स्काउटिंग गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता को दर्शाती है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने सभी सफल रेंजर्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपप्राचार्य संजय जसरोतिया ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें सेवा, नेतृत्व एवं जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस उपलब्धि में रेंजर लीडर डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता का मार्गदर्शन एवं सहयोग महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने शिविर से पूर्व निपुण परीक्षा की तैयारी तथा शिविर के दौरान विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
महाविद्यालय के रेंजर्स दल की यह सफलता विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, कौशल विकास, सेवा भावना एवं समग्र व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे संस्थान के प्रयासों को रेखांकित करती है।
