दिनांक:04/12/2025
धर्मशाला कॉलेज को मिला स्वर्णिम उपहार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने PG कक्षाएँ शुरू करने व 1 करोड़ की सौगात देकर जगाई नई उम्मीद ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में आयोजित भव्य झलक-ए-धौलाधार शिव नुआला कार्यक्रम उस क्षण का साक्षी बना जब देर रात पहुँचे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कॉलेज परिवार को ऐसी ऐतिहासिक सौगातें दीं, जिनसे वर्षों पुरानी मांगें पूरी ही नहीं हुईं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए नए अवसर भी सृजित हो गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छात्रों की सबसे महत्वपूर्ण और लंबे समय से प्रतीक्षित मांग एम.ए. राजनीति शास्त्र और एम.ए. इतिहास की पीजी कक्षाएँ अगले ही सत्र से शुरू करने की घोषणा कर शिक्षा के क्षेत्र में नई रोशनी जगा दी। इसके साथ ही उन्होंने आर्ट्स ब्लॉक तक सड़क संपर्क हेतु 1 करोड़ रुपये, कॉलेज मार्गों पर केनोपी निर्माण, शूटिंग रेंज के संपूर्ण उन्नयन, तथा NSUI द्वारा संचालित सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 5 लाख रुपये देने की स्वीकृति देकर कॉलेज विकास की नई कहानी लिख दी।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं ने न केवल छात्रों का मनोबल बढ़ाया बल्कि कॉलेज प्रशासन और नागरिकों में भी उत्साह की लहर दौड़ा दी, क्योंकि इतने बड़े पैमाने पर विकास की पहल एक ही मंच से दुर्लभ रूप से देखने को मिलती है। कार्यक्रम में मौजूद कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने इसे महाविद्यालय के इतिहास में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री द्वारा दी गई यह सौगात हमारे छात्रों के सपनों को नई दिशा देगी और संस्थान को उत्कृष्टता की राह पर और आगे ले जाएगी। वहीं कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह जग्गी ने इसे अपने लंबे संघर्ष और छात्रहित में की गई निरंतर पहल का परिणाम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अश्वनी कुमार जिन्होंने भी वर्षों से PG कक्षाएँ शुरू कराने के लिए प्रयास किए उन्होंने कहा कि यह निर्णय न सिर्फ शिक्षा का विस्तार है, बल्कि युवाओं के भविष्य में किया गया निवेश है।
कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा की गई घोषणाएँ केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि धर्मशाला कॉलेज के भविष्य की मजबूत आधारशिला हैं। एम.ए. राजनीति शास्त्र व एम.ए. इतिहास की कक्षाओं का प्रारंभ, आर्ट्स ब्लॉक तक सड़क संपर्क हेतु 1 करोड़ रुपये, शूटिंग रेंज का उन्नयन और कैंपस सुधार ये सभी कदम संस्थान को उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगे। प्रो. राकेश पठानिया ने छात्रों और देवेंद्र सिंह जग्गी और विभागाध्यक्ष प्रो. अश्वनी कुमार के निरंतर प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि इनकी सक्रिय भूमिका से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायक सुनील राणा की शिव-भक्ति ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया, जबकि मुख्यमंत्री के आगमन और उनके दूरदर्शी निर्णयों ने इस रात को धर्मशाला कॉलेज के इतिहास की सबसे प्रेरणादायी और यादगार रात बना दिया। यह केवल घोषणाएँ नहीं थीं यह था युवाओं को सशक्त बनाने, शिक्षा को मजबूत करने और धर्मशाला को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का एक दृढ़ संकल्प, जिसने पूरे क्षेत्र में विकास की एक सकारात्मक लहर पैदा कर दी है। कार्यक्रम का सफल आयोजन करने वाले भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के पदाधिकारियों, छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों की भूमिका सराहनीय रही। उनकी ऊर्जा, अनुशासन और टीमवर्क ने ‘झलक-ए-धौलाधार शिव नुआला को एक यादगार और प्रेरणादायी कार्यक्रम बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं विधायक कमलेश ठाकुर, हमीरपुर भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, वूल फेडरेशन प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार, कांग्रेस नेता देवेंदर जग्गी, पूर्व प्रधान धर्मशाला सुरेश पप्पी, महापौर नीनू शर्मा, जिलाधीश हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न, जिला परिषद पंकु डॉ प्रवेश गिल, प्रो बालक राम, प्रो संजय एवं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के पदाधिकारियों सहित छात्र व कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
