दिनांक: 02/08/2026
धर्मशाला कॉलेज में गूंजा 'नशा मुक्त युवा–विकसित भारत' का संकल्प, विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने प्रयास भवन में जागरूकता एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवियों और प्राध्यापकों ने भाग लेकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस गीत से हुआ। मुख्य अतिथि तरसेम जरयाल का स्वागत पुष्पगुच्छ, एनएसएस कैप एवं बैज पहनाकर किया गया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अमित कटोच ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है तथा युवाओं को शिक्षा, खेल, कौशल विकास और सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। मुख्य अतिथि ने कहा कि नशा मुक्त भारत का अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का जनआंदोलन है।
इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक देशभर में विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद विद्यार्थियों और स्वयंसेवियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन ई-प्लेज के माध्यम से नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, माइम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और विद्यार्थियों ने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
