दिनाक: 02/10/2026
धर्मशाला कॉलेज में बी.वॉक हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म के विद्यार्थियों के लिए विशेष गेस्ट लेक्चर आयोजित
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के व्यावसायिक अध्ययन विभाग, बी.वॉक हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक विशेष गेस्ट लेक्चर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ITC Fortune Park Moksha, Dharamshala के HR Manager संजीव कुमार शर्मा ने बतौर गेस्ट स्पीकर विद्यार्थियों को हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन उद्योग से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
अपने व्याख्यान के दौरान संजीव कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि हॉस्पिटैलिटी उद्योग में एक सफल प्रोफेशनल बनने के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक कौशल, कम्युनिकेशन स्किल्स, टीमवर्क, सकारात्मक दृष्टिकोण, ग्राहक सेवा एवं प्रोफेशनल एटीट्यूड का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने औद्योगिक अनुभव साझा करते हुए कार्यस्थल पर आने वाली वास्तविक परिस्थितियों और उन्हें प्रभावी ढंग से संभालने के तरीकों पर भी चर्चा की।
उन्होंने विद्यार्थियों को हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों, इंटरव्यू स्किल्स तथा रोजगार की संभावनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उन्होंने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया तथा उनके करियर से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान किया।
गेस्ट लेक्चर के दौरान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर की भी चर्चा की गई। संजीव कुमार शर्मा ने बी. वॉक डिग्री पूर्ण करने के उपरांत योग्य विद्यार्थियों को ITC Fortune Park Moksha में रोजगार के अवसर तथा इंटरव्यू प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की। इससे विद्यार्थियों को अपने भविष्य के करियर को लेकर व्यावहारिक दिशा प्राप्त हुई।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रशिक्षक तरसेम जरयाल ने मुख्य वक्ता संजीव कुमार शर्मा का औपचारिक स्वागत किया तथा विद्यार्थियों के साथ अपने मूल्यवान अनुभव साझा करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के इंडस्ट्री-इंटरैक्शन विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष में प्राप्त ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं व्यावहारिक रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षक अंशुल् राणा, दर्शना ठाकुर , शिखा व्यास सहित बी. वॉक हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
