दिनाक: 17/09/2026
धर्मशाला कॉलेज में सजी युवा संसद, ज्वलंत मुद्दों पर गरजे युवा नेता
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस पर युवा संसद का आयोजन
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के लोक प्रशासन विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के अवसर पर प्रयास हॉल में एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य एवं मुख्य संरक्षक प्रो. राकेश पठानिया के मार्गदर्शन तथा लोक प्रशासन विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार की देखरेख में संपन्न हुआ। राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगवां के प्राचार्य प्रो. एस.के. सोनी ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवा संसद (मॉक पार्लियामेंट), सांस्कृतिक वॉक और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं रहीं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं में अपनी बौद्धिक, सृजनात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
युवा संसद में ज्वलंत मुद्दों पर हुई जोरदार बहस
युवा संसद के दौरान विद्यार्थियों ने वास्तविक संसदीय कार्यवाही का जीवंत चित्रण प्रस्तुत किया। प्रश्नकाल और शून्यकाल में नीट परीक्षा, दिल्ली में भूख हड़ताल, पेट्रोल में इथेनॉल सम्मिश्रण, प्राकृतिक आपदाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी, पर्यावरण तथा अरुणाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दों पर जोरदार बहस हुई। युवा संसद में शुभम ने प्रधानमंत्री, मान्या ने विदेश मंत्री तथा आयुष ने विपक्ष के नेता की भूमिका निभाई।
विभिन्न संस्कृतियां, एक भारत’ थीम पर सांस्कृतिक वॉक
अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के अवसर पर ‘विभिन्न संस्कृतियां, एक भारत’ थीम पर पारंपरिक पोशाक प्रतियोगिता (सांस्कृतिक वॉक) आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने देश के विभिन्न राज्यों की वेशभूषा धारण कर विविधता में एकता का संदेश दिया और मंच पर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
युवा संसद (मॉक पार्लियामेंट), बेस्ट स्पीकर: तन्नू एवं लक्ष्मी
आउटस्टैंडिंग स्पीकर: अंशिका, बेस्ट फैक्चुअल स्पीकर: निवृत्ति
स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, प्रथम: सात्विक
द्वितीय: रितिका, तृतीय: शुभम
सांस्कृतिक वॉक : प्रथम: शिवम एवं कनिका
द्वितीय: पायल एवं मुस्कान,तृतीय: मान्या एवं नितिश
प्रतियोगिताओं के पारदर्शी मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक मंडल में प्रो. ऋषभ (हिंदी विभाग), प्रो. संजय (राजनीति विज्ञान विभाग), डॉ. गौरव महाजन (शिक्षा विभाग), डॉ. पूजा दीवान (मनोविज्ञान विभाग) और डॉ. दीपिका ठाकुर (पर्यावरण विज्ञान विभाग) शामिल रहे।
कार्यक्रम के समापन पर लोक प्रशासन विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने मुख्य अतिथि प्रो. एस.के. सोनी, प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, निर्णायक मंडल, संकाय सदस्यों तथा विद्यार्थियों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय प्रक्रियाओं और विविधता में एकता की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।
