दिनाक: 02/10/2026
धर्मशाला कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित
प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा जीवन अनमोल है, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, यातायात नियमों के पालन तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए सड़क सुरक्षा क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. प्रवेश गिल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा सड़क पर जिम्मेदारी एवं सावधानी के साथ व्यवहार करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों को प्रेरक संबोधन देते हुए कहा कि जिंदगी बहुत कीमती है। सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही कई बार जीवनभर का दर्द दे सकती है। आए दिन सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण दुर्घटनाओं की खबरें सामने आती हैं। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को स्वयं भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए और अपने परिवार तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
प्राचार्य ने कहा कि युवा वर्ग समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यदि विद्यार्थी स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें, तो सड़क दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में सार्थक योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सुरक्षित चलें, सुरक्षित पहुंचें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें की भावना के साथ सड़क सुरक्षा को अपनी दैनिक आदतों का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जागरूकता अभियान में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण नियमों एवं सावधानियों की जानकारी दी गई तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. प्रवेश गिल, डॉ. हर्ष दीपिका दत्ता, डॉ. अंजना, डॉ. स्नेहलता, डॉ. रितु कपूर सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और जागरूकता की भावना को और मजबूत करना रहा।
