पर्यावरण क्लब द्वारा स्वच्छता एवं खरपतवार उन्मूलन अभियान सम्पन्न 85 छात्र व् छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के इको क्लब द्वारा आज स्वच्छता एवं खरपतवार उन्मूलन अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान में लगभग 85 छात्र व् छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर के विभिन्न हिस्सों में सफाई कार्य किया तथा खरपतवार हटाकर स्वच्छ एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
अभियान का नेतृत्व इको क्लब की संयोजक डॉ. अंजना खड़वाल ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत करवाते हुए कहा कि स्वच्छ परिवेश न केवल स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक संदेश भी देता है। उन्होंने छात्रों को ऐसे अभियानों में नियमित रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में फैले सूखे पत्तों, प्लास्टिक कचरे एवं अन्य अवांछित सामग्री को एकत्र कर व्यवस्थित रूप से निपटान किया। साथ ही, परिसर को सुशोभित करने के उद्देश्य से कई स्थानों से खरपतवार को हटाया गया। इको क्लब द्वारा आयोजित यह अभियान महाविद्यालय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ छात्रों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का एक सराहनीय प्रयास रहा।