दिनांक: 27/10/2025
प्रकृति बचाओ, भविष्य सजाओ डिग्री कॉलेज धर्मशाला में जलवायु परिवर्तन पर प्रभावशाली व्याख्यान सत्र सम्पन्न ।
अंतरराष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन दिवस के अवसर पर राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के पर्यटन विभाग, पर्यावरण विज्ञान विभाग तथा एन.एस.एस. इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष व्याख्यान सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन न्यू साइंस ब्लॉक में दोपहर 12 बजे किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय कार्यालय धर्मशाला के अधिकारी अभियंता वरुण गुप्ता मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उनका स्वागत डॉ. अमित कटोच, डॉ. दीपिका ठाकुर एवं प्रो. निषेष ने किया।
मुख्य वक्ता वरुण गुप्ता ने जलवायु परिवर्तन, वैश्विक ऊष्मीकरण, पर्यावरणीय असंतुलन तथा बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा (Solar Energy) का सदुपयोग, प्लास्टिक से परहेज (Refuse Plastic), पुन: उपयोग (Reuse) एवं पुनर्चक्रण (Recycle) जैसे सरल कदम भी बड़े पर्यावरणीय परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि आज का युवा वर्ग पर्यावरण संरक्षण में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। इसके अलावा पानी की एक एक बूंद को कैसे बचाया जा सकता है। इसे बारें मे भी टिप्स दिए।
सत्र के दौरान मुख्य वक्ता ने जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं हरित पर्यटन (Green Tourism) को बढ़ावा देने पर भी अपने विचार साझा किए। और सुझाव दिया कि जन्मदिन, सालगिरह या किसी भी विशेष अवसर पर फ्लेक्स बैनर या कृत्रिम उपहारों की जगह जीवित पौधे भेंट करने और उन्हें लगाने की परंपरा अपनाई जानी चाहिए।
वक्ता ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है मौसम में असामान्य बदलाव, आपदाओं की बढ़ती आवृत्ति और प्रदूषण इसका स्पष्ट संकेत हैं। यदि हम सभी मिलकर छोटे-छोटे कदम उठाएं, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। अंत में प्रो. तरसेम जरयाल ने मुख्य वक्ता और सभी उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ. दीपिका ठाकुर, डॉ. अमित कटोच, प्रो. निषेष, प्रो. तरसेम जरयाल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
