दिनांक 18/07/2026
बीबीए विभाग ने ‘प्रोफेशनल मैनेजमेंट : बदलाव और चुनौतियां’ विषय पर आयोजित किया विशेष व्याख्यान
बदलते व्यावसायिक परिवेश के अनुरूप विद्यार्थियों को नेतृत्व कौशल विकसित करने की आवश्यकता : प्रो. राकेश पठानिया
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के बीबीए विभाग द्वारा ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के सहयोग से “प्रोफेशनल मैनेजमेंट – चेंज एंड चैलेंजेज” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पेशेवर प्रबंधन की बदलती भूमिका तथा वर्तमान गतिशील व्यावसायिक परिवेश में आने वाली चुनौतियों से अवगत करवाना था।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. एन. एन. शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पेशेवर प्रबंधन के बदलते स्वरूप, आधुनिक व्यवसाय जगत की चुनौतियों तथा बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, नवीन कौशल विकसित करने और बदलते व्यावसायिक परिवेश के अनुरूप अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में सफलता के लिए केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता, प्रभावी संचार कौशल और बदलती पेशेवर आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता भी होनी चाहिए।
बीबीए विभाग की समन्वयक डॉ. परवेश गिल ने मुख्य वक्ता का स्वागत किया और कहा कि इस प्रकार के विशेष व्याख्यान विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष के ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक और पेशेवर दुनिया को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अकादमिक संवाद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में प्रो. मीनाक्षी सरोच, प्रो. सुजाता कौंडल और प्रो. धीरज कटोच सहित विभाग के शिक्षक एवं बीबीए के उत्साही विद्यार्थी उपस्थित रहे। विशेष व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और उपयोगी रहा।
