दिनांक: 12/01/2026
बीसीए विभाग के छात्रों का ओडिशा शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न ।
डिग्री कॉलेज धर्मशाला के बीसीए विभाग द्वारा आयोजित वार्षिक शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शैक्षणिक यात्रा में 23 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनके साथ प्रो रितेश ठाकुर और प्रो निशांत धीमान मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ओडिशा के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का अवलोकन किया। इनमें पुरी का जगन्नाथ मंदिर, कोणार्क का विश्व प्रसिद्ध सूर्य मंदिर, भुवनेश्वर का लिंगराज मंदिर, साक्षी गोपाल मंदिर, रघुराजपुर हेरिटेज विलेज तथा नंदन कानन चिड़ियाघर प्रमुख रहे। इन स्थलों के भ्रमण से छात्रों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से समझने का अवसर मिला।
बीसीए विभाग के समन्वयक डॉ. रंजीत ठाकुर ने कहा,
यह शैक्षणिक भ्रमण छात्रों के लिए बहुत उपयोगी रहा। इससे न केवल उनके ज्ञान में वृद्धि हुई बल्कि उनमें अनुशासन, आपसी सहयोग और नेतृत्व क्षमता का भी विकास हुआ।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने इस अवसर पर कहा, हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करना है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह, अनुशासन और जिम्मेदारी का परिचय दिया, जिससे यह यात्रा एक यादगार और सफल शैक्षणिक अनुभव बन गई।
