दिनांक: 04/08/2025
भूगोल विभाग द्वारा पौधारोपण अभियान सम्पन्न ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के भूगोल विभाग द्वारा महाविद्यालय के आर्ट्स ब्लॉक प्रांगण में एक प्रेरणादायक एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मास्टर्स और स्नातक कक्षाओं के भूगोल विषय के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राकेश पठानिया जी मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, आज जब पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय असंतुलन की मार झेल रही है, ऐसे समय में वृक्षारोपण केवल एक कार्य नहीं, बल्कि एक कर्तव्य बन जाता है। पेड़ न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि तापमान नियंत्रण, वर्षा संतुलन और जैव विविधता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण देना हमारी सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भूगोल विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजय पठानिया ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व और संरक्षण के लिए जागरूक करते हुए कहा, प्राचीन काल से ही हमारे ऋषि-मुनियों ने पेड़ों को पूज्यनीय मानते हुए समाज में इनके महत्व को जन-जन तक पहुँचाया। आज जब हिमाचल जैसे प्राकृतिक प्रदेश में भी वातावरणीय आपदाएँ बढ़ रही हैं, तब पेड़ों का लगाना ही नहीं, उनका संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। समाज के हर युवा, हर नागरिक को इस दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।
इस अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा बहेड़ा, जामुन, आंवला जैसे पाँच औषधीय पौधे लगाए गए, जो न केवल पर्यावरण को समृद्ध बनाएंगे, बल्कि भविष्य में औषधीय दृष्टि से भी लाभकारी सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम में भूगोल विभाग के समस्त प्राध्यापक प्रो. राजेन्द्र सिंह, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. शबनम मेहता सहित भूगोल बिभाग के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर विद्यार्थियों में उत्साह और जागरूकता का अद्भुत समावेश देखने को मिला। यह आयोजन न केवल एक शैक्षणिक पहल रही, बल्कि विद्यार्थियों को प्रकृति से जुड़ने और पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाने का एक सशक्त माध्यम भी बना।
