दिनांक: 01/08/2026
रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच बीबीए विभाग की फ्रेशर्स पार्टी संपन्न, अभिनव बने मिस्टर फ्रेशर्स व जाह्नवी मिस फ्रेशर्स
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के बीबीए विभाग द्वारा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित फ्रेशर्स पार्टी उत्साह और उमंग के माहौल में संपन्न हुई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, समूह प्रस्तुतियों एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर तालियों की गूंज और विद्यार्थियों के उत्साह से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण टाइटल प्रतियोगिता रही। इसमें अभिनव भारद्वाज को मिस्टर फ्रेशर्स,जाह्नवी को मिस फ्रेशर्स, हरकिरत को मिस्टर पर्सनैलिटी* तथा दामिनी को मिस पर्सनैलिटी का खिताब प्रदान किया गया। विजेताओं का चयन उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, मंच संचालन एवं समग्र प्रदर्शन के आधार पर किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश पठानिया ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि महाविद्यालय जीवन केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, उत्कृष्टता और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहने का संदेश दिया।
बीबीए विभाग के समन्वयक डॉ. पर्वेश गिल ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को महाविद्यालय जीवन का भरपूर लाभ उठाने तथा शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को भी निखारने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभाग के प्राध्यापक प्रो. मीनाक्षी सरोच, प्रो. सुजाता कौंडल, प्रो. धीरज कटोच एवं प्रो. ज्योति सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों द्वारा किए गए उत्कृष्ट आयोजन की सराहना करते हुए विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने इस आत्मीय स्वागत के लिए विभाग एवं वरिष्ठ विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और इसे अपने महाविद्यालय जीवन की यादगार शुरुआत बताया।
