दिनांक: 22/07/2026
रसायन विज्ञान विभाग में एंटी-रैगिंग एवं एंटी-ड्रग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एंटी-रैगिंग एवं एंटी-ड्रग जागरूकता विषय पर इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रैगिंग और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा महाविद्यालय परिसर में सुरक्षित, अनुशासित एवं नशामुक्त वातावरण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रैगिंग एक गंभीर सामाजिक एवं कानूनी अपराध है, जिसके लिए किसी भी प्रकार की सहनशीलता नहीं बरती जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से आपसी सम्मान, सौहार्द एवं सहयोग की भावना के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और संस्कारित नागरिक तैयार करना भी है।
प्राचार्य प्रो. पठानिया ने नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है और नशा उनके सपनों, स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व को नष्ट कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने, सकारात्मक सोच अपनाने तथा कठिन परिस्थितियों में शिक्षकों एवं महाविद्यालय प्रशासन से मार्गदर्शन लेने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालय में गठित एंटी-रैगिंग समिति, एंटी-ड्रग समिति एवं शिकायत निवारण तंत्र विद्यार्थियों की सुरक्षा और हितों के संरक्षण के लिए पूरी तरह सक्रिय हैं।
इस अवसर पर रसायन विज्ञान विभाग के प्राध्यापक प्रो. संजय जसरोटिया ने विद्यार्थियों को रैगिंग एवं नशे के सामाजिक, मानसिक, शैक्षणिक और कानूनी दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने व्यक्तित्व विकास, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए तथा किसी भी अनुचित गतिविधि की जानकारी तुरंत महाविद्यालय प्रशासन को देनी चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से रैगिंग एवं नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और महाविद्यालय को पूर्णतः रैगिंग-मुक्त एवं नशा-मुक्त परिसर बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों, आपसी सम्मान तथा जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में रसायन विज्ञान विभाग के प्राध्यापकगण एवं प्रथम और द्वितीय वर्ष के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
