दिनांक: 26/09/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का भव्य आयोजन ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के सभागार में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों व अभिभावकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि व प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, सह-प्राचार्य डॉ. संजय पठानिया, डॉ. रजनीश दीवान, डॉ. संजय जसरोटिया और डॉ. विक्रम श्रीवत्स ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कॉलेज प्रिंसिपल का स्वागत विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक अंदाज़ में तिलक व शहनाई वादन के साथ किया। स्टेट बेस्ट टीचर अवार्डी डॉ नरेश शर्मा ने मुख्य अतिथि व तमाम कॉलेज टीचिंग नॉन टीचिंग व विद्यार्थियों का अपने उद्बोधन मे स्वागत किया। सह-प्राचार्य डॉ. संजय पठानिया व डॉ अमित कटोच ने मुख्य अतिथि को बुके, शाल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह की औपचारिकताओं के उपरांत प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने महाविद्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन को प्रस्तुत करते हुए वर्ष 2024-25 की शैक्षणिक, सह-पाठ्यक्रम और सांस्कृतिक गतिविधियों की उपलब्धियों को विस्तारपूर्वक साझा किया। उन्होंने महाविद्यालय की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी छात्रों, शिक्षकों व स्टाफ का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में वी-वॉक हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म विभाग के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा नशे के दुष्प्रभावों पर एक मार्मिक नाटक प्रस्तुत किया गया, वहीं फिजिक्स विभाग के छात्रों ने आपदा प्रबंधन पर प्रभावशाली स्किट द्वारा जन-जागरूकता फैलाई। तिब्बती और एमबीए विभाग के विद्यार्थियों ने पारंपरिक नाटी नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
इसके उपरांत पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। शैक्षणिक उत्कृष्टता में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में बीकॉम तृतीय वर्ष की गौरी ने चौथा स्थान व अनीता ने सातवां स्थान प्राप्त किया। पटेल विश्वविद्यालय मंडी में बीकॉम द्वितीय वर्ष की साक्षी जरियाल ने टॉप टेन में स्थान पाकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
बी-वॉक हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म और टूर एंड ट्रेवल विभाग के छात्रों को शाइनिंग और राइजिंग अवार्ड्स से नवाज़ा गया। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में बीटेक प्रथम वर्ष के प्रसून कुमार को दूसरा स्थान प्राप्त करने पर विशेष पुरस्कार दिया गया।
अन्य पुरस्कृत छात्र-छात्राएं इस प्रकार रहे, बी-वॉक हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म तृतीय वर्ष प्रथम रितिक राणा द्वितीय अर्जुन राठौर तृतीय अंशिका शर्मा
बी-वॉक रिटेल मैनेजमेंट तृतीय वर्ष प्रथम नेहा द्वितीय साक्षी तृतीय आकाश गुलेरिया बी-वॉक हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म द्वितीय वर्ष प्रथम प्रियंका कुमारी द्वितीय पलक तृतीय स्वाति बी-वॉक रिटेल मैनेजमेंट द्वितीय वर्ष प्रथम सुहानी द्वितीय अभय चौधरी तृतीय अर्पित मेहरा प्रमुख प्रेरणादायक वक्तव्य प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा मेहनत और समर्पण कभी व्यर्थ नहीं जाते। हर पुरस्कार के पीछे संघर्ष की एक कहानी होती है। आज जिन विद्यार्थियों ने मंच पर आकर सम्मान प्राप्त किया है, वे न केवल अपनी मेहनत का प्रतिफल देख रहे हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं। उन्होंने आगे कहा हर विद्यार्थी में असीम संभावनाएं छुपी होती हैं, आवश्यकता है तो सिर्फ एक सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और आत्मविश्वास की। यह सफलता अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। आगे और ऊँचाइयाँ आपका इंतज़ार कर रही हैं।
हमें शिक्षा को केवल अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इससे आगे बढ़कर एक अच्छा नागरिक बनना चाहिए जो समाज को कुछ लौटाने की भावना रखे। कड़ी मेहनत, अनुशासन और धैर्य से ही जीवन के कठिनतम लक्ष्य भी साधे जा सकते हैं। महाविद्यालय के मंच पर आज की यह सफलता आपके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहला कदम है।
कार्यक्रम के सफल समापन पर प्रो. अंजलि शर्मा ने समस्त महाविद्यालय परिवार, आयोजन समिति, शिक्षकों, छात्रों और मंच संचालन में शामिल डॉ नरेश शर्मा प्रो हर्षा राणा, प्रशिक्षक तरसेम जरयाल समेत सभी का हृदयपूर्वक धन्यवाद व आभार व्यक्त किया।
इस भव्य आयोजन में कॉलेज के सभी विभागों के शिक्षकगण, गैर-शिक्षक कर्मचारी, विद्यार्थीगण तथा अभिभावकगण उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया गया।
