HamroClass Preloader

 दिनांक :17/10/2025

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के रोवर्स ने निपुण परीक्षा उत्तीर्ण कर बढ़ाया कॉलेज का मान

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के रोवर्स ने अपनी मेहनत, समर्पण और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय निपुण परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। यह परीक्षा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स ट्रेनिंग सेंटर, रिवालसर में 8 से 14 अक्टूबर तक आयोजित राज्य स्तरीय निपुण टेस्टिंग कैंप के दौरान संपन्न हुई।

कॉलेज के सात रोवर्स ने इस कैंप में भाग लेकर न केवल अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि नेतृत्व, टीम भावना, अनुशासन और समाज सेवा जैसे मूल्यों को भी अपने व्यवहार में उतारा। इस उपलब्धि ने कॉलेज का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया और रोवर्स लीडर डॉ. अजय कुमार ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्राचार्य ने इस अवसर पर कहा कि कॉलेज के विद्यार्थी न केवल अकादमिक क्षेत्र में, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा के क्षेत्र में भी नई मिसालें कायम कर रहे हैं।

रोवर्स लीडर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि इस कैंप में विद्यार्थियों ने व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जिम्मेदारी, आपदा प्रबंधन और आउटडोर सर्वाइवल स्किल्स जैसी गतिविधियों में भाग लिया, जिससे उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास हुआ। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है, जो न केवल विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है, बल्कि उनके भीतर निहित सेवा भावना और समर्पण की सच्ची पहचान भी है।