दिनांक: 28/10/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में रमन सोसाइटी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस-कम-वर्कशॉप विद्यार्थियों के लिए बनी प्रेरणा का स्रोत ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में रमन सोसाइटी द्वारा एक राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस-कम-वर्कशॉप का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला “AEPL Nainital” कंपनी के सहयोग से आयोजित की गई, जिसमें कंपनी के सह-संस्थापक अजय रावत और शुभम कुमार, मुख्य तकनीकी अधिकारी (CTO) रूपिन थापा, तथा एजुकेटर आकर्ष ने विशेष रूप से भाग लिया।
इस अवसर पर डिग्री कॉलेज शाहपुर के विद्यार्थी एवं भौतिक विज्ञान विभाग के प्रोफेसर संजीव पुरी भी उपस्थित रहे। विभागाध्यक्ष डा. विक्रम श्रीवत्स, संकाय सदस्य डॉ सरिता शर्मा एवं प्रोफेसर गोविंद सिंह ने सभी अतिथियों का रोसेट समारोह के माध्यम से हार्दिक स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यशाला को दो सत्रों प्रातः कालीन एवं सायंकालीन में विभाजित किया गया। प्रातः कालीन सत्र में Astroverse कंपनी के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए स्पेस साइंस, रॉकेट्री, हाइड्रो रॉकेट्री एवं रिसर्च स्टेशन जैसे विषयों पर ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक प्रस्तुति दी। इस सत्र में लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी वैज्ञानिक जिज्ञासा और रचनात्मक सोच का परिचय दिया।
प्रायोगिक सत्र में विद्यार्थियों को सरल विधियों से रॉकेट निर्माण की प्रशिक्षण दी गई, जहाँ उन्होंने अपने नवाचार, कल्पनाशक्ति और तकनीकी कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सायंकालीन सत्र में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए रॉकेट्स का सफल प्रक्षेपण (लॉन्च) किया गया, जिसने सभी के मन में विज्ञान और अंतरिक्ष की नई उड़ान भरने का जज़्बा जगाया।
रात्रि के समय आयोजित स्टार गेज़िंग प्रोग्राम ने इस दिन को और भी यादगार बना दिया। दूरबीन की सहायता से विद्यार्थियों ने तारों, ग्रहों एवं चंद्रमा का प्रत्यक्ष अवलोकन किया, जिससे उनमें अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ।
समग्र रूप से यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, नवाचार और प्रेरणा का संगम सिद्ध हुई। इस कार्यक्रम ने यह सन्देश दिया कि यदि जिज्ञासा, परिश्रम और विज्ञान के प्रति लगन हो, तो आकाश भी सीमा नहीं रह जाता। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को नई दिशा, नई सोच और नए सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी जिससे वे भविष्य में भी अंतरिक्ष विज्ञान एवं तकनीकी के क्षेत्र में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित रहेंगे।
