दिनांक: 28/10/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के विद्यार्थियों ने राज्यस्तरीय युवा महोत्सव में चमक बिखेरी जानवी पठानिया द्वितीय, हर्ष तृतीय स्थान पर ।
डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में आयोजित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय राज्यस्तरीय अंतर-महाविद्यालय युवा महोत्सव (समूह-1) में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
बी.ए. तृतीय वर्ष की जानवी पठानिया ने Elocution प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल कर अपने महाविद्यालय और नगर धर्मशाला का नाम गर्व से ऊँचा किया, वहीं बी.ए. तृतीय वर्ष के हर्ष नेगी ने मूर्तिकला (Sculpture) प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मकता और कला कौशल के बल पर तृतीय स्थान प्राप्त कर कॉलेज को गौरवान्वित किया।
यह प्रतियोगिता 13 से 15 अक्टूबर तक नाहन में आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेश के 65 महाविद्यालयों के लगभग 600 प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में भाग लिया। इस प्रतिस्पर्धा में धर्मशाला कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और लगन से सबका ध्यान आकर्षित किया।
विजेताओं के कॉलेज पहुंचने पर प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, डॉ. नरेश शर्मा, डॉ. अमित कटोच, प्रो. स्वर्णलता शर्मा, प्रो. जितेंद्र और प्रो. ऋषभ जरयाल ने दोनों विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने इस सफलता को कॉलेज के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि हमारे विद्यार्थी यह साबित कर रहे हैं कि यदि लगन, अनुशासन और आत्मविश्वास हो, तो हर मंच पर सफलता कदम चूमती है। उन्होंने बताया इस उपलब्धि ने न केवल धर्मशाला कॉलेज को सम्मान दिलाया, बल्कि प्रदेश भर के विद्यार्थियों को भी यह संदेश दिया कि प्रतिभा चाहे किसी भी क्षेत्र में हो मेहनत, अभ्यास और आत्मविश्वास से हर मंज़िल पाई जा सकती है।
