दिनांक:13/11/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) एवं मीडिया लिटरेसी क्लब द्वारा आयोजित एक सप्ताहिक कार्यशाला Reel, Real and Represented: Media and Cultural Imagination के चौथे दिन रोचक एवं ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किए गए।
सुबह के सत्र में डॉ. हेमराज बंसल ने Construction of News in the Age of Post-Truth विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि आज के पोस्ट-ट्रुथ युग में समाचार निर्माण तथ्यों की वस्तुनिष्ठ प्रस्तुति से आगे बढ़कर भावनाओं, विचारधाराओं और डिजिटल प्रभावों से प्रभावित एक जटिल प्रक्रिया बन चुका है। सोशल मीडिया और एल्गोरिद्म आधारित न्यूज़ फ़ीड्स ने सत्य और विचार के बीच की सीमाएं धुंधली कर दी हैं।
दोपहर के सत्र में डॉ अभ्युदिता गौतम ने Threat to IPR in the Age of AI विषय पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के दौर में बौद्धिक संपदा अधिकारों (IPR) की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है, जहाँ AI द्वारा सृजित कला, संगीत या साहित्य में स्वामित्व और मौलिकता के प्रश्न जटिल हो गए हैं।
इसके पश्चात आयोजित पैनल चर्चा News Narrative and Public Perception का संचालन डॉ. आरती चंदेल ने किया। पैनल में यह विचार-विमर्श हुआ कि समाचार कथानक किस प्रकार जनधारणा को आकार देते हैं और मीडिया किस तरह तथ्यों को प्रस्तुत कर सामाजिक दृष्टिकोण को प्रभावित करता है। छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए चर्चा को और भी जीवंत बनाया।
यह कार्यशाला छात्रों में मीडिया की गहराई, विचार शक्ति और आलोचनात्मक समझ विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध हो रही है।
