दिनांक:16/11/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के एम.सी.ए. विभाग द्वारा देवदार होटल, खनियारा (धर्मशाला) में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए स्नेहपूर्ण एवं गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, विभागीय गतिविधियों में उनके योगदान और उनकी मेहनत की सराहना की गई।
समारोह में डॉ. विक्रम श्री वत्स (एम.सी.ए. समन्वयक), डॉ. आशीष रंजन, डॉ. सतीश सूद (विभागाध्यक्ष एम.सी.ए.), प्रो सचिन अवस्थी सहित विभाग के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
अपने प्रेरणात्मक संबोधन में डॉ. सतीश सूद ने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, अनुशासन और पेशेवर ईमानदारी को जीवन में अपनाने की सलाह दी। डॉ. विक्रम श्रीवत्स ने कहा कि चुनौतियों को अवसर के रूप में स्वीकारने वाला विद्यार्थी ही जीवन में आगे बढ़ता है। डॉ. आशीष रंजन ने तार्किक सोच, गणितीय दृष्टिकोण और धैर्य को करियर निर्माण का आवश्यक आधार बताया, जबकि श्री सचिन अवस्थी ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, समर्पण और कौशल विकास के साथ भविष्य की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विशेष उपाधियों से सम्मानित किया गया, जिसमें शगुन शर्मा को मिस पर्सनैलिटी, नीतिका शर्मा को मिस फेयरवेल, तुषार को मिस्टर फेयरवेल, तथा कमलप्रीत सिंह को मिस्टर पर्सनैलिटी की उपाधि प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों, स्टाफ और विद्यार्थियों ने इन घोषणाओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
समारोह का समापन धन्यवाद प्रस्ताव और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया। एम.सी.ए. विभाग ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, अन्य स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों का विशेष आभार व्यक्त किया।
