दिनांक:25/11/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के छात्र-छात्राओं ने हाल ही में आयोजित एच.पी.यू. इंटर कॉलेज चेस चैंपियनशिप और वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उत्तम प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
चेस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के 28 महाविद्यालयों ने भाग लिया, जिसमें लड़कों की चेस टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया। टीम के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हार्दिक वर्मा ने लगातार तीसरी बार इंटर-यूनिवर्सिटी ट्रायल्स के लिए चयनित होकर महाविद्यालय को विशिष्ट पहचान दिलाई। वहीं लड़कियों की चेस टीम ने शानदार खेल का परिचय देते हुए द्वितीय रनर-अप की ट्रॉफी अपने नाम की, तथा टीम की उभरती खिलाड़ी सुहानी ने इंटर-यूनिवर्सिटी ट्रायल्स के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया।
वहीं एच.पी.यू. इंटर कॉलेज वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी महाविद्यालय का दबदबा जारी रहा। गौरतलब है कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला लगातार तीन वर्षों से समग्र चैंपियन तथा तीन बार उपविजेता रहा है। इस वर्ष भी खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धियाँ हासिल कीं, जिनमें अवंतिका राणा, गौरव खनोरिया और राधिका कटोच ने प्रथम स्थान प्राप्त कर यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए चयन सुनिश्चित किया। इसके अतिरिक्त राहुल ने द्वितीय स्थान, जबकि दीपक, रुद्रांश, शिवांश शर्मा और शबनम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पल्लवी ने द्वितीय स्थान हासिल किया, वहीं मान देवी ने भी तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय की सफलता में अहम योगदान दिया।
महाविद्यालय प्रशासन, प्राचार्य प्रो राकेश पठानिया, डॉ. विक्रम श्रीवत्स डॉ. नरेश मनकोटिया एवं समस्त संकाय सदस्यों ने कॉलेज परिसर में सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने महाविद्यालय की खेल परंपरा को और भी सुदृढ़ बनाया है।
