दिनांक:26 /11/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में राजनीतिक विज्ञान विभाग द्वारा संविधान दिवस पर भव्य समारोह, DGP अशोक तिवारी मुख्य अतिथि ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के राजनीतिक विज्ञान विभाग द्वारा संविधान दिवस के उपलक्ष्य में कॉलेज ऑडिटोरियम में एक भव्य व गरिमामय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में सुश्री सौम्या सांबशिवन, IPS, DIG, डॉ. आकृति शर्मा, IPS, कमांडेंट प्रथम IRBN बनगढ़ (ऊना) तथा टांडा मेडिकल कॉलेज से डॉ. अभिनीत तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने प्रेरक संबोधन में DGP अशोक तिवारी ने संविधान को भारत के लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए कहा कि यह दस्तावेज देश को न्याय, समानता और सशक्ति प्रदान करता है तथा विकसित भारत के निर्माण में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं जीवन में कभी धूम्रपान नहीं किया और युवाओं से ट्रैफिक नियमों का पालन कर जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की। DIG सौम्या सांबशिवन ने संविधान को अधिकारों और कर्तव्यों का संतुलन बताते हुए युवाओं से सत्यनिष्ठा व राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया, वहीं IPS डॉ. आकृति शर्मा ने छात्राओं को समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने सभी अतिथियों का स्वागत कर उन्हें शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि इतने प्रतिष्ठित अधिकारियों की उपस्थिति महाविद्यालय के लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संविधान के विभिन्न पहलुओं पर प्रभावशाली रोल-प्ले और प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने संविधान की महत्ता को जीवंत रूप में दर्शाया। राजनीतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अश्वनी कुमार और प्रो. संजय ने सभी अतिथियों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों को मिले प्रेरक मार्गदर्शन से कार्यक्रम अत्यंत सफल और सार्थक रहा। समारोह के अंत में सभी उपस्थितों ने संविधान के पालन, नियमों के सम्मान और राष्ट्रहित में कर्तव्यनिष्ठ रहने की शपथ ली।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि सुश्री सौम्या सांबशिवन, IPS, DIG, डॉ. आकृति शर्मा, IPS, कमांडेंट प्रथम IRBN बनगढ़ (ऊना) तथा टांडा मेडिकल कॉलेज से डॉ. अभिनीत तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, प्रो. अंजलि शर्मा, डॉ. विक्रम श्री वत्स, प्रो. प्रवेश गिल, प्रो. सरिता, प्रो. गोविंद, प्रो. आशीष रंजन, प्रो. बालक राम, प्रो. अश्वनी और प्रो. संजय, प्रो निषेश, प्रो तरसेम जरयाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
