दिनांक:04/12/2025
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के छात्रों का हिमाचल प्रदेश विधानसभा, तपोवन का सफल शैक्षिक भ्रमण लोक प्रशासन की सीख को मिला वास्तविक अनुभव का संगम ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के लोक प्रशासन विभाग के छात्रों ने आज हिमाचल प्रदेश विधानसभा, तपोवन का ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक शैक्षिक भ्रमण किया। यह भ्रमण छात्रों को राज्य की विधायी प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और प्रशासनिक ढाँचे को निकटता से समझाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
भ्रमण का संचालन लोक प्रशासन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन में छात्रों ने न केवल विधानसभा परिसर का अवलोकन किया, बल्कि समिति कक्षों, पुस्तकालय और सदन की कार्यप्रणाली को भी विस्तार से जाना। सदन से जुड़ी प्रक्रियाओं और विधायी कार्यों के बारे में विशेषज्ञों ने छात्रों को महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं, जिससे उनके पाठ्यक्रम में निहित सैद्धांतिक ज्ञान को एक वास्तविक एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण प्राप्त हुआ।
भ्रमण के दौरान छात्रों में भारी उत्साह देखा गया। वे लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को सामने से देखकर प्रेरित हुए। इस अनुभव ने उनके भीतर प्रशासनिक सेवाओं एवं सार्वजनिक नीति निर्माण के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया। लोक प्रशासन विभाग ने इस भ्रमण के सफल आयोजन में सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार ने कहा, यह शैक्षिक भ्रमण हमारे छात्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने लोकतंत्र की जड़ों, विधान निर्माण की प्रक्रिया और राज्य प्रशासन की वास्तविक गतिशीलता को समझा। हम आशा करते हैं कि यह अनुभव उनके भविष्य को और अधिक सशक्त एवं दिशाबद्ध करेगा। उन्होंने बताया ऐसे शैक्षिक भ्रमण यह सिद्ध करते हैं कि सीखने की प्रक्रिया केवल कक्षाओं तक सीमित नहीं रहती। जब छात्र प्रशासन, राजनीति और लोकतंत्र को प्रत्यक्ष रूप से समझते हैं, तब उनके भीतर जिम्मेदारी, नेतृत्व और समाज सेवा की भावना और अधिक प्रबल होती है।
