HamroClass Preloader

 दिनांक:24/12/2025

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ ।

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना) का सात दिवसीय विशेष शिविर अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ प्रारंभ हुआ। शिविर के प्रथम दिवस की शुरुआत प्रातः 8:00 बजे कॉलेज परिसर स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में एनएसएस ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके उपरांत स्वयंसेवकों द्वारा सामूहिक प्रार्थना एवं शारीरिक व्यायाम किया गया, जिससे पूरे वातावरण में अनुशासन और उत्साह का संचार हुआ।

स्वयंसेवकों को सात समूहों में विभाजित किया गया तथा प्रातः 9:30 बजे अनुशासन, एकता एवं शारीरिक सुदृढ़ता को बढ़ावा देने हेतु मॉर्निंग ड्रिल आयोजित की गई।

दोपहर 12:30 बजे प्रयास हॉल में सात दिवसीय शिविर के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रिंसिपल प्रो. राकेश पठानिया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं में सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करता है। ऐसे शिविर विद्यार्थियों को समाज के प्रति उत्तरदायित्व समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से शिविर की गतिविधियों में पूर्ण निष्ठा एवं सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपिका ठाकुर और प्रो निषेश ने शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह सात दिवसीय शिविर स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने का माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया अनुशासन, टीमवर्क और सेवा भावना पर प्रकाश डालते हुए स्वयंसेवकों को समाज के लिए सकारात्मक कार्य करने हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षकों में डॉ. बलराज,डॉ. विक्रम श्रीवत्स, प्रो अशोक, प्रो. गोविंद, डॉ. अजय कुमार, डॉ दीपिका ठाकुर, प्रो निषेश सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में छात्रों को अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयासों के महत्व से अवगत कराया।

दोपहर 1:30 बजे स्वयंसेवकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात 2:30 बजे आपसी सहयोग एवं उत्साहवर्धन के लिए खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

शाम 3:30 बजे स्वयंसेवकों द्वारा एनएसएस वाटिका की स्वच्छता की गई, जिससे स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

4:15 बजे सात समूहों में से एक समूह द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें स्वयंसेवकों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के उपरांत जलपान कराया गया।

दिन के अंत में एनएसएस ध्वज अवतरण के साथ प्रथम दिवस का समापन हुआ।

कुल मिलाकर, एनएसएस विशेष सात दिवसीय शिविर का पहला दिन सुव्यवस्थित, प्रेरणादायक और ऊर्जावान रहा, जिसने आने वाले दिनों के लिए एक सकारात्मक और अनुशासित आधार तैयार किया।