दिनांक: 10/02/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के रोवर्स ने रिवालसर में SDGs पर राष्ट्रीय कार्यशाला में बढ़ाया संस्थान का मान ।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के रोवर्स सुजल और अपूर्व ने हिमाचल प्रदेश के रिवालसर स्थित राज्य प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) पर पांच दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेकर महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। यह कार्यशाला 1 से 5 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें देश के कर्नाटक, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और उत्तर-पश्चिम रेलवे सहित पाँच राज्यों/संस्थानों के 69 रोवर्स एवं रेंजर्स ने भाग लिया।
इस राष्ट्रीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु सक्षम बनाना था। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समानता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सतत विकास से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।
कॉलेज प्रिंसिपल प्रो. राकेश पठानिया ने सुजल और अपूर्व की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, हमारे छात्र राष्ट्रीय मंचों पर जाकर जो अनुभव प्राप्त करते हैं, वह न केवल उनके व्यक्तित्व का विकास करता है, बल्कि समाज के लिए जिम्मेदार नागरिक भी तैयार करता है। सुजल और अपूर्व ने यह सिद्ध कर दिया है कि हमारे युवा देश के भविष्य को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं।
रोवर्स लीडर डॉ. अजय कुमार ने भी दोनों विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए कहा, इस तरह की राष्ट्रीय कार्यशालाएं युवाओं में नेतृत्व, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। सुजल और अपूर्व ने न केवल धर्मशाला कॉलेज का गौरव बढ़ाया है, बल्कि उन्होंने वहां से जो ज्ञान और अनुभव अर्जित किया है, वह आने वाले समय में समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
कार्यशाला से लौटे रोवर्स ने बताया कि सतत विकास लक्ष्यों को जमीनी स्तर पर लागू करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और वे इन लक्ष्यों को समाज तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है और अन्य छात्र भी इस तरह के राष्ट्रीय व सामाजिक अभियानों से जुड़ने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
