HamroClass Preloader

दिनांक: 10/02/2026

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में स्नातक छात्रों के लिए भविष्य के करियर विकल्पों पर विशेष व्याख्यान आयोजित ।

महाविद्यालय धर्मशाला के लोक प्रशासन विभाग के सहयोग से भारत और विदेशों में स्नातकों के लिए “भविष्य के करियर विकल्प” विषय पर एक अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में चितकारा यूनिवर्सिटी के रणनीतिक पहल (Strategic Initiatives) निदेशक एवं प्रतिष्ठित शिक्षाविद गौतम सुशांत उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में गौतम सुशांत ने छात्रों को बदलते वैश्विक करियर परिदृश्य से अवगत कराते हुए बताया कि आज की प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया में सही मार्गदर्शन, कौशल और सकारात्मक दृष्टिकोण ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने कहा,

“यदि युवाओं को सही दिशा, केंद्रित प्रयास और थोड़ा अतिरिक्त मार्गदर्शन मिल जाए, तो वे अपनी क्षमताओं को वैश्विक मंच पर साबित कर सकते हैं।”

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा,आज के विद्यार्थियों के लिए केवल डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही करियर दिशा, कौशल और आत्मविश्वास भी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे व्याख्यान छात्रों को समय रहते अपने लक्ष्य पहचानने और जीवन में सही निर्णय लेने के लिए प्रेरित करते हैं।

लोक प्रशासन विभाग के अध्यक्ष डॉ. अजय ने भी सत्र की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस व्याख्यान का उद्देश्य स्नातक छात्रों को आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों को लेकर स्पष्ट दृष्टि देना है, ताकि वे एक मजबूत और सफल भविष्य की ओर बढ़ सकें।

कार्यक्रम में सुशांत के साथ शुभम सूद और सौरभ भी उपस्थित रहे, जबकि इतिहास विभाग से प्रो. सोनिका ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

उल्लेखनीय है कि गौतम सुशांत ‘Crest Counselling’ के संस्थापक हैं और उनकी विकसित की गई मेंटरिंग प्रणाली देश के कई प्रमुख संस्थानों में छात्रों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने अपनी करियर संबंधी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। यह व्याख्यान छात्रों के लिए न केवल मार्गदर्शक सिद्ध हुआ, बल्कि उन्हें अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर एक नई दिशा भी प्रदान कर गया।