दिनांक: 28/02/2026
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में एकदिवसीय वार्षिक एथलेटिक मीट संपन्न ।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में एकदिवसीय वार्षिक एथलेटिक स्पोर्ट्स मीट बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई। कार्यक्रम में जीसीटीई कॉलेज धर्मशाला के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) युवराज सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुआ। प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि धर्मशाला महाविद्यालय विद्यार्थियों को शैक्षणिक ही नहीं, बल्कि खेलों के माध्यम से भी सशक्त बनाने में निरंतर अग्रसर है। उन्होंने शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में सहनशक्ति, गति, शक्ति, कौशल और जीवंत उत्साह का संचार करते हैं। उन्होंने छात्रों से जीवन में कभी हार न मानने और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) युवराज सिंह पठानिया ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए फिटनेस और खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करते हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं, जिससे समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी एक खिलाड़ी के रूप में हिमाचल का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या पर प्रसन्नता व्यक्त की और छात्राओं को न केवल उत्कृष्ट एथलीट बल्कि सक्षम खेल प्रशिक्षक बनने के लिए भी प्रेरित किया।
विविध स्पर्धाओं का आयोजन
एथलेटिक मीट में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, 4×100 मीटर रिले रेस तथा टग ऑफ वॉर जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पुरुष एवं महिला वर्ग के साथ-साथ शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
महिला वर्ग के प्रमुख परिणाम
1500 मीटर दौड़: नैंसी चौधरी (प्रथम), अंजू देवी (द्वितीय), सलोनी (तृतीय)
800 मीटर दौड़: नैंसी चौधरी (प्रथम), अंजू (द्वितीय), अम्बिका (तृतीय)
400 मीटर दौड़: नैंसी (प्रथम), मनीषा ठाकुर (द्वितीय), प्रियंजलि (तृतीय)
200 मीटर दौड़: यशस्वी (प्रथम), जानवी (द्वितीय), साक्षी शर्मा (तृतीय)
100 मीटर दौड़: जानवी (प्रथम), साक्षी शर्मा (द्वितीय), यशस्वी (तृतीय)
लंबी कूद: दीपिका (प्रथम), निहारिका (द्वितीय), जानवी (तृतीय)
ऊंची कूद: निहारिका (प्रथम), दीपिका (द्वितीय), पलक ठाकुर (तृतीय)
पुरुष वर्ग के प्रमुख परिणाम
1500 मीटर दौड़: दीपक बिशनोई (प्रथम), सोनू ठाकुर (द्वितीय), आलोक यादव (तृतीय)
800 मीटर दौड़: दीपक बिशनोई (प्रथम), सोनू ठाकुर (द्वितीय), शिवम कोण्डल (तृतीय)
400 मीटर दौड़: हितेश कुमार (प्रथम), अजय (द्वितीय), प्रिंस (तृतीय)
200 मीटर दौड़: मनजीत (प्रथम), सोनू (द्वितीय), हितेश (तृतीय)
100 मीटर दौड़: मनजीत सिंह (प्रथम), हितेश कुमार (द्वितीय), मान चंद (तृतीय)
गोला फेंक: आर्यन (प्रथम), योगेंद्र (द्वितीय), पंकज (तृतीय)
पुरुष वर्ग में दीपक बिशनोई और मनजीत सिंह को बेस्ट एथलीट घोषित किया गया, जबकि महिला वर्ग में नैंसी चौधरी ने यह सम्मान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. नरेश मनकोटिया ने बताया कि महाविद्यालय के लगभग सभी विभागों के विद्यार्थियों ने एथलेटिक्स मीट में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि खेलकूद गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि इससे अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) युवराज सिंह पठानिया ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा खिलाड़ियों को परिश्रम, अनुशासन और खेल भावना को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
